लोहता । बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से लोहता पुलिस ने बुधवार शाम कोटवां गांव के अति संवेदनशील क्षेत्रों में पीएससी बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और ड्रोन कैमरे के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी की गई।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा ने किया। उनके साथ लोहता थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, कोटवां चौकी प्रभारी ऋतुराज मिश्रा तथा पुलिस और पीएससी के जवान मौजूद रहे। पुलिस टीम ने गांव की प्रमुख गलियों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर लोगों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि ड्रोन कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई संदिग्ध या गलत गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल थाना के सीयूजी नंबर पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है।
अशोक कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।







