गाजीपुर । जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरनो पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छह अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 350 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद के मार्गदर्शन में थाना बिरनो पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर मीरपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर शनिवार सुबह लगभग 5:50 बजे छह आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में किशन विश्वकर्मा, शुभम कुमार ठठेरा, मंजीत यादव, रविकांत कुमार, अमन यादव उर्फ मलाई तथा मनीष कुमार उर्फ छोटू शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध थाना बिरनो में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी सत्येंद्र यादव ने बताया कि पुलिस टीम कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब बरामद हेरोइन के स्रोत, सप्लाई चेन और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
उमेश यादव क्राइम रिपोर्टर गाज़ीपुर।







