गाजीपुर । जनपद के गौसाबाद क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब मशहूर बिंदु होटल के संचालक विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 10:45 बजे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश होटल के मुख्य गेट पर पहुंचे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले होटल के सुरक्षाकर्मी शंभू यादव से 16 बीयर मांगी और बाद में 8 बीयर देने की बात कहकर उसे बातचीत में उलझाए रखा।
भुगतान के बहाने आरोपियों ने गार्ड को होटल के अंदर भेज दिया। जब गार्ड ऑनलाइन भुगतान कराने के लिए मैनेजर का मोबाइल लेकर वापस आया तो बदमाशों ने फिर बहाना बनाते हुए कहा कि उनके मोबाइल में पैसे नहीं हैं। इसी बीच होटल मालिक विनीत राय खाना खाने के बाद घर जाने के लिए बाहर निकले। पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमलावरों ने गार्ड पर भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह होटल के अंदर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुरानी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद और रंगदारी समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।






