गाजीपुर । जनपद में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में मनाया गया। टेढ़ी बाजार स्थित शगुन पैराडाइज परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गाजीपुर सदर के ओमप्रकाश अरुण, मुहम्मदाबाद के आनंद कुमार त्रिपाठी तथा गोपाल सिंह यादव को “स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान-2026” प्रदान किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता समाज की जमीनी समस्याओं और सच्चाइयों को उजागर करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पत्रकारों से संगठन की मजबूती तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। जिला महामंत्री राजेश चौरसिया ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार कठिन परिस्थितियों में समाज की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

कासिमाबाद तहसील इकाई द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि एवं तहसीलदार कौशल चौरसिया ने स्व. बालेश्वर लाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने स्व. बालेश्वर लाल के संघर्षों और ग्रामीण पत्रकारों को संगठित करने में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।






