मीरजापुर । पुलिस ने अपराध एवं कानून-व्यवस्था के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाबालिगों से जुड़े गंभीर मामलों में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में थाना सन्तनगर पुलिस ने नाबालिग को भगाने एवं सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित मुकदमे में वांछित अभियुक्त शिवकुमार यादव को गिरफ्तार किया। यह मामला 14 मार्च 2026 को दर्ज किया गया था, जिसमें नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। विवेचना के दौरान मामला गंभीर धाराओं, पॉक्सो एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट से संबंधित पाया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दूसरे मामले में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित अभियुक्त रवि को गिरफ्तार किया। यह मुकदमा 16 मई 2026 को दर्ज हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।
इसके अतिरिक्त जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 22 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

इनमें विन्ध्याचल, कोतवाली शहर, चुनार, अदलहाट, लालगंज, सन्तनगर, हलिया और मड़िहान थाना क्षेत्र शामिल रहे।मीरजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।







