Search
Close this search box.

कमिश्नरेट वाराणसी में आईपीएस मानसी दहिया को भावभीनी विदाई, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सराहा उत्कृष्ट कार्यकाल

वाराणसी । कमिश्नरेट वाराणसी में शनिवार को 77वें आरआर (वर्ष 2023) बैच की परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी सुश्री मानसी दहिया के स्थानांतरण के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कैम्प कार्यालय में आयोजित इस समारोह में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान मानसी दहिया ने कमिश्नरेट की विभिन्न इकाइयों और शाखाओं में कार्य करते हुए पुलिसिंग के विविध आयामों का अनुभव प्राप्त किया। उन्हें 12 सप्ताह के लिए थाना चोलापुर का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और थाना प्रशासन के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए।

पुलिस आयुक्त ने उनके अनुशासित कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व, संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्होंने जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, महिला एवं पीड़ित मामलों की संवेदनशील सुनवाई तथा प्रशासनिक कार्यों का कुशलतापूर्वक संचालन किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, आलोक प्रियदर्शी सहित कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी एवं राजपत्रित अधिकारीगण उपस्थित रहे। समारोह में सभी अधिकारियों ने मानसी दहिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई।

अशोक कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।

Leave a Comment

और पढ़ें