Search
Close this search box.

हरदोई में अवैध खनन पर डीएम का बड़ा एक्शन, 234 वाहनों के चालान, 13 गाड़ियां सीज

हरदोई। जिले में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर खनन विभाग, परिवहन विभाग और टास्कफोर्स की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया।

जिला खनन अधिकारी शिव दयाल सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान करीब 418 वाहनों की जांच की गई, जिनके दस्तावेजों और ओवरलोडिंग की स्थिति का गहन परीक्षण किया गया।

जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 234 वाहनों का चालान किया गया। वहीं गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 13 वाहनों को मौके पर ही सीज कर विभिन्न थानों की अभिरक्षा में भेज दिया गया।

प्रशासन ने ऑनलाइन चालान के माध्यम से 2 लाख 71 हजार 300 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया, जिसे सरकारी खजाने में जमा कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें