जौनपुर । जनपद के केराकत थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा अवैध देशी कट्टे के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट किए जाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है, जबकि पुलिस विभाग भी सक्रिय हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए रील बनाता दिखाई दे रहा है। युवक की पहचान साहिल यादव उर्फ बंटी, पुत्र बबलू यादव, निवासी सरोज बड़ेवर, थाना केराकत के रूप में बताई जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार अवैध देशी कट्टा बताया जा रहा है, जिसके प्रदर्शन ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए युवाओं द्वारा इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करना चिंताजनक है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से आया और युवक के पास कैसे पहुंचा।
सूत्रों के अनुसार पुलिस युवक के संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।






