Search
Close this search box.

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर चिंतन गोष्ठी आयोजित, पत्रकारिता के मूल्यों को बचाने का आह्वान

बलिया । रसड़ा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर स्टेशन रोड स्थित एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में स्थानीय पत्रकार मतलूब अहमद की अध्यक्षता में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्य वक्ता दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज से लगभग 200 वर्ष पूर्व कोलकाता से पंडित जुगल किशोर मिश्रा द्वारा प्रकाशित उदंत मार्तंड हिंदी का पहला समाचार पत्र था। इसका उद्देश्य राष्ट्र की चेतना को जागृत करना, समाज को सही दिशा देना तथा सत्ता से सवाल पूछते हुए स्वतंत्रता की भावना को मजबूत करना था। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप काफी हद तक व्यवसायिक हो गया है, जिससे इसके मूल उद्देश्य प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को एकजुट होकर अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा करनी होगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समाज को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इश्तियाक अहमद, हरिंदर वर्मा, कृष्णा शर्मा, गोपाल जी गुप्त, सादिक अहमद, सुनील सरदारपुरी, ओमप्रकाश वर्मा, संतोष कुमार सिंह ‘लल्लन बागी’, शैलेंद्र सिंह, संजय शर्मा और अखिलेश सैनी सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्याम कृष्ण गोयल ने किया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें