Search
Close this search box.

325 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक्स फोर्स और शिवपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

वाराणसी । जनपद में अपराध एवं नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर वरुणा ज़ोन में एंटी नारकोटिक्स फोर्स और थाना शिवपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर 30 मई 2026 को हरिहरपुर चौराहा, रिंग रोड के पास घेराबंदी कर नीरज सेठ पुत्र बाबूलाल सेठ, निवासी रसूलपुर थाना बड़ागांव को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 325 ग्राम अवैध हेरोइन, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा 820 रुपये नकद बरामद किए गए।

बरामदगी के आधार पर थाना शिवपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 32 वर्ष बताई गई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि वह नशीले पदार्थों के तस्करी नेटवर्क में किस स्तर तक सक्रिय था। अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना है।

Leave a Comment

और पढ़ें