धार्मिक नगरी वाराणसी में आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एसओजी और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर आईपीएल मैचों पर करोड़ों रुपये का सट्टा लगाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 11 शातिर सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 9 आरोपी मुंबई के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर स्थित एक रिहायशी कॉलोनी के फ्लैट में बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने फ्लैट पर छापा मारा। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे में दर्जनों लैपटॉप और मोबाइल फोन चालू हालत में थे, जिन पर आईपीएल मैचों के भाव और सट्टेबाजी का पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था।
पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।









