Search
Close this search box.

जमीनी विवाद से परेशान युवक डीएम कार्यालय के पास मोबाइल टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

गाजीपुर । जिले में जमीनी विवाद से जुड़ा एक मामला सोमवार सुबह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब एक युवक अपनी मांगों को लेकर डीएम कार्यालय के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान सदीप चौहान, निवासी मोलनापुर, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जमीन संबंधी विवाद में कार्रवाई की मांग कर रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे सदीप चौहान अचानक टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि उसकी जमीन पर असमानीचक निवासी श्यामलाल बिंद द्वारा कब्जा किया गया है और उसकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने युवक के परिजनों को भी सूचना दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास करने लगे।

काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा। प्रशासनिक अधिकारी लगातार उससे संवाद स्थापित कर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें