वाराणसी । मंडलायुक्त एस. राज लिंगम ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, विद्युत, पेयजल, सड़क, पेंशन और भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
मंडलायुक्त ने प्रत्येक प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के तत्काल, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
एस. राज लिंगम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।
जनता दर्शन कार्यक्रम में अपर आयुक्त (प्रशासन) आलोक वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला।








