गाजीपुर । जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनसामान्य से अपील की है कि किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए पानी की टंकी, मोबाइल टावर या अन्य ऊंचे स्थानों पर चढ़कर प्रशासन पर दबाव बनाने अथवा ब्लैकमेल करने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कृत्य न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनते हैं, बल्कि संबंधित व्यक्ति के जीवन और सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी शिकायतें जनसुनवाई, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस, सम्पूर्ण समाधान दिवस तथा अन्य निर्धारित प्रशासनिक मंचों के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं, जिनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समस्याओं के समाधान के लिए वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन आवश्यक है। आत्मघाती या जोखिमपूर्ण कदम किसी भी समस्या का समाधान नहीं हैं। प्रशासन सभी मामलों को गंभीरता से सुनता है और नियमानुसार कार्रवाई करता है।
डीएम अनुपम शुक्ला ने लोगों से न्यायिक आदेशों का सम्मान करने, कानून का पालन करने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं का ही उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही सुशासन और प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित किया जा सकता है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








