वाराणसी । 01 जून 2026 मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अभिषेक राय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में “जल और ऊर्जा संरक्षण” थीम पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं संविदा कर्मचारियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत जल एवं ऊर्जा स्रोतों के समुचित उपयोग, टिकाऊ पर्यावरणीय प्रथाओं को अपनाने, अपशिष्ट में कमी लाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ऑटोमेटिक कोच वाशिंग प्लांट (ACWP) सहित जल पुनर्चक्रण प्रणालियों का निरीक्षण किया गया तथा पानी और ऊर्जा की बचत के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA) के माध्यम से यात्रियों और आमजन को जागरूक किया गया। साथ ही मिशन LiFE के अंतर्गत पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। ई-वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, पुनर्चक्रण, खाद निर्माण तथा स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली के प्रति भी लोगों को प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान रेल यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों और स्थानीय समुदाय को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के लिए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक कदम उठाने का संदेश दिया गया।

यह कार्यक्रम आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, भटनी, बलिया, छपरा, देवरिया सदर, गाजीपुर सिटी, मऊ, प्रयागराज रामबाग, सीवान, बेल्थरा रोड और सलेमपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर आयोजित किया गया, जिसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ, यात्रियों और अन्य हितधारकों ने सक्रिय सहभागिता किया।








