नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भारत ने फ्रांस को 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए आधिकारिक पत्र भेजा है। इस बहुचर्चित रक्षा सौदे की अनुमानित लागत करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पिछले सप्ताह फ्रांसीसी सरकार को यह पत्र भेजा गया। अब फ्रांस की ओर से अगले दो से तीन महीनों में जवाब मिलने की उम्मीद है। इसके बाद दोनों देशों के बीच तकनीकी और वित्तीय पहलुओं पर विस्तृत बातचीत होगी।
सूत्रों का कहना है कि वार्ता सफल रहने पर अगले एक वर्ष के भीतर इस रक्षा सौदे को अंतिम रूप दिया जा सकता है। 114 नए राफेल विमानों की खरीद से भारतीय वायुसेना की लड़ाकू क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और देश की रक्षा तैयारियों को नई मजबूती मिलेगी।








