सोनभद्र । दुद्धी प्रेस क्लब के तत्वावधान में कस्बे के डीआर होटल में आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह में मशहूर कॉमेडी एवं मिमिक्री कलाकार अभय कुमार शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। उनकी हास्य शैली और विभिन्न नेताओं व अभिनेताओं की हूबहू आवाज निकालने की कला ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे अभय शर्मा ने पत्रकारों के संघर्षपूर्ण जीवन को हास्य के माध्यम से मंच पर प्रस्तुत किया। उन्होंने देश के कई प्रमुख राजनेताओं और फिल्मी हस्तियों की आवाज की बेहतरीन नकल कर दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुति के दौरान सभागार ठहाकों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
अभय शर्मा ने वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार की शैली में समाचार वाचन कर भी खूब वाहवाही बटोरी। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, लालू प्रसाद यादव सहित कई चर्चित नेताओं की आवाज निकालकर लोगों को हैरान कर दिया। उनकी मिमिक्री इतनी सटीक थी कि दर्शक दंग रह गए।
कार्यक्रम के बाद दुद्धी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में अभय शर्मा की प्रस्तुति चर्चा का विषय बनी हुई है। चट्टी-चौराहों पर लोग उनकी मिमिक्री और हास्य प्रस्तुतियों की चर्चा करते नजर आ रहे हैं। उनकी कला ने पत्रकारिता दिवस समारोह को विशेष यादगार बना दिया।







