वाराणसी। 1 जून 2026 राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सेवापुरी विकास खंड की ग्राम पंचायत लोहाराडीह में विशेष डिजिटल चेस्ट एक्स-रे स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग, पिरामल फाउंडेशन तथा ग्राम प्रधान रमाशंकर यादव के सहयोग से संपन्न हुआ।

शिविर में ग्रामीणों की डिजिटल चेस्ट एक्स-रे जांच कर संभावित टीबी मरीजों की पहचान के लिए स्क्रीनिंग की गई। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों ने टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और पूर्ण उपचार के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया। ग्राम प्रधान रमाशंकर यादव ने ग्रामीणों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने और टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में सहयोग की अपील की।

शिविर के सफल संचालन में आशा कार्यकर्ता साधना सिंह, संगीता सिंह और सुषमा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आईसीडीएस विभाग की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों आशा देवी, वंदना यादव और इंदु यादव ने लाभार्थियों को शिविर तक पहुंचाने और जागरूकता फैलाने में सक्रिय सहयोग दिया। पिरामल फाउंडेशन की रूबी सिंह, रेशमी करुणा फॉलो तथा आशा संगिनी भारती सिंह ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाकर संभावित मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होने या रात में पसीना आने जैसे लक्षणों पर निःशुल्क जांच कराने की अपील की।










