गाजीपुर । जनपद के बाद से अब तक बिजली सुविधा से वंचित रहे सईचना गांव की वनवासी, राजभर और हरिजन बस्ती में जल्द ही बिजली का उजाला पहुंचेगा। वर्षों से मूलभूत सुविधा के अभाव में जीवन यापन कर रहे ग्रामीणों के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होने जा रही है।
गाजीपुर के लोकप्रिय एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रयासों से मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस योजना को स्वीकृति प्रदान की है। करीब 19 लाख रुपये की लागत से मुख्य आबादी से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित इन बस्तियों तक विद्युत लाइन पहुंचाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि इन बस्तियों में आज तक बिजली का एक भी खंभा नहीं लगा था, जिसके कारण ग्रामीण अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर थे।
योजना की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्राम प्रधान शिव दयाल सिंह सहित समस्त ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा तथा एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और जीवन स्तर में बड़ा बदलाव आएगा। अब जल्द ही इन बस्तियों में भी बिजली के बल्ब जगमगाते नजर आएंगे।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।









