Search
Close this search box.

फ्लाईओवर की मांग को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, बोले- “फ्लाईओवर नहीं तो वोट नहीं

मिर्जापुर । जिले के अकोड़ी, बबूरा और जोपा संपर्क मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग अंडर ब्रिज आगामी चार माह के लिए पूरी तरह बंद किए जाने के निर्णय से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। अंडर ब्रिज बंद होने के बाद लोगों को महज 5 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग 35 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा, जिससे हजारों ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि अंडर ब्रिज इस क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसके बंद होने से स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और नौकरीपेशा लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल पहुंचना भी चुनौती बन जाएगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह इलाका जिले के सबसे पिछड़े क्षेत्रों में शामिल है, जहां वर्षों से रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

इसी मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा नहीं की गई तो आगामी चुनाव में “फ्लाईओवर नहीं तो वोट नहीं” अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों ने शासन से जनहित को देखते हुए स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें