Search
Close this search box.

162 लीटर अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बोलेरो वाहन भी जब्त

गाजीपुर । जनपद गाजीपुर के जमानियां थाना क्षेत्र में पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 162 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 जून 2026 को उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बरेसर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान बोलेरो से 18 पेटियों में रखे 810 पाउच ब्ल्यू लाईम देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच 200 मिलीलीटर का था, जिसकी कुल मात्रा 162 लीटर पाई गई। मौके से प्रबुध कुमार मौर्या (23) निवासी गायघाट, थाना जमानियां को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। बरामद वाहन को सीज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें