वाराणसी । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल, वाराणसी के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के नेतृत्व में ग्राम करसड़ा में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में एपेक्स की नर्सिंग एवं एलाइड हेल्थ चिकित्सीय शिक्षण संस्थानों के साथ नगर निगम वाराणसी की आईईसी टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में नीम, अमरूद, जामुन सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

नगर निगम वाराणसी के आईईसी जोनल इंचार्ज ऋषिमांडवी जोन के अमन कुमार मौर्य की विशेष उपस्थिति में कॉलेज प्रशासक प्रो. गौरव सिंह के नेतृत्व में फैकल्टी सदस्य प्रो. राकेश वर्मा, दुर्गेश कुमार, मिथलेश एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय असंतुलन पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। “एक पेड़–एक जिम्मेदारी” के संदेश के साथ यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।









