चन्दौली । डीडीयू नगर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक पेड़ लगाना भविष्य की पीढ़ियों को स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर उन्होंने अपने रेल आवास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 3/4 पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से यात्रियों और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

मंडल रेल प्रबंधक ने बढ़ते प्लास्टिक उपयोग पर चिंता जताते हुए जूट के थैलों को अपनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील की। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़ों का संरक्षण और उनकी देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है जितना उनका रोपण।

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों में जूट के थैले वितरित किए गए तथा पर्यावरण जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली टीमों और रेलकर्मियों को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सासाराम, गया जंक्शन, डेहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।









