चन्दौली । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अस्मिता नाट्य सांस्कृतिक संस्थान एवं ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में “अस्मिता वृक्षारोपण अभियान” के तहत क्षेत्राधिकारी अलीनगर कार्यालय एवं महिला थाना परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी अलीनगर ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान महिला थाना प्रभारी पूजा कौर भी उपस्थित रहीं।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन और प्रकृति में हो रहे बदलावों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। वहीं महिला थाना प्रभारी पूजा कौर ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष 1100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संस्था के सचिव विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि अभियान के तहत लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे को “अस्मिता” नाम दिया जाएगा तथा उनकी सुरक्षा और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के चेयरपर्सन कृष्ण मोहन गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।









