वाराणसी। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में वाराणसी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सिटी एक्सेलेरेटर प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षित प्रथम बैच की 24 ‘सोलर दीदियों’ को प्रमाणपत्र और जॉब लेटर प्रदान किए।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने महिलाओं के आत्मविश्वास और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की ये महिलाएं अब समाज में “ऊर्जा दूत” के रूप में कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि सोलर दीदियां लोगों को सौर ऊर्जा के लाभों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के फायदे, बिजली बिल में होने वाली बचत तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी देंगे।
समारोह में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अजगरा विधायक टी. राम, पूर्वांचल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक, नेडा के निदेशक तथा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण, हरित ऊर्जा विस्तार और सतत विकास की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। प्रशिक्षित सोलर दीदियां अब घर-घर जाकर सौर ऊर्जा की अलख जगाएंगी और योजना के लक्ष्यों को गति प्रदान करेंगी।








