मीरजापुर । के अदलहाट थाना पुलिस ने वाहन और बैटरी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कबाड़ व्यवसायी सहित चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक पिकअप, 24 बैटरियां तथा चोरी की वारदातों में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार नेवादा स्थित भूसा गोदाम के बाहर खड़ी पिकअप वाहन और गैरेज में खड़ी गाड़ी की बैटरी चोरी होने के मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 जून को पचगेड़ा पुलिया के पास से बसंत बिन्द, दीपक बिन्द, महेश बिन्द और अजय कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की पिकअप और एक बैटरी बरामद हुई। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अहरौरा स्थित अजय विश्वकर्मा की कबाड़ की दुकान से 23 अन्य चोरी की बैटरियां बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 24 बैटरियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह अदलहाट और अहरौरा क्षेत्र में सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाता था। चोरी किए गए वाहन और बैटरियां कबाड़ की दुकान पर बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोहे की कैचीदार रॉड और दो रिंच भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में से तीन के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।







