Search
Close this search box.

दिव्यांग महिलाओं को मिली आत्मनिर्भरता की सौगात, विधायक ने वितरित की 70 निशुल्क सिलाई मशीनें

रोहनिया । दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशीय दिव्यांगजन विकास संस्थान एवं बचपन डे केयर सेंटर, खुशीपुर में सोमवार को सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग वाराणसी एवं अरविंद मफतलाल फाउंडेशन, अहमदाबाद (गुजरात) के सहयोग से किया गया।

मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी लगभग 70 दिव्यांग महिलाओं को प्रमाण पत्र के साथ निशुल्क प्रोफेशनल सिलाई मशीनें वितरित कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। सिलाई मशीन मिलने से प्रशिक्षित महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विधायक ने संस्थान में दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता और सेवा भावना की सराहना करते हुए प्रभारी समन्वयक रमेश सिंह की प्रशंसा की।

संस्थान के प्रभारी एवं समन्वयक रमेश सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सिंह, प्रबंध निदेशक चंद्रावती विशेष विद्यालय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन रमेश सिंह ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें