Search
Close this search box.

मीरजापुर परिक्षेत्र की नई डीआईजी पूनम ने संभाला कार्यभार, जनसुनवाई कर दिए सख्त निर्देश

मीरजापुर । परिक्षेत्र की नवागंतुक पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पूनम ने सोमवार को विंध्याचल धाम पहुंचकर माँ विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त करने के उपरांत मीरजापुर परिक्षेत्र का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

इस दौरान डीआईजी पूनम ने जनसुनवाई भी की, जिसमें उन्होंने फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीआईजी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम रखने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और उनके नेतृत्व में बेहतर पुलिसिंग एवं जनसेवा की उम्मीद जताई।

Leave a Comment

और पढ़ें