सोनभद्र । न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद 11 महीने बीत जाने के बाद भी भूमि की पथरगड्डी न होने से परेशान एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी सोनभद्र और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित मुल्ला खान पुत्र स्वर्गीय अरमान खान, निवासी ग्राम बनौरा प्रथम, थाना पन्नूगंज ने आरोप लगाया है कि राजस्व विभाग के अधिकारी दबंगों के प्रभाव में आकर कोर्ट के आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं।

मुल्ला खान के अनुसार, डिप्टी कलेक्टर रॉबर्ट्सगंज के न्यायालय ने 25 जून 2025 को आराजी संख्या 198 मि की पथरगड्डी और सीमांकन कराने का आदेश पारित किया था। आदेश में राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को टीम के साथ मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आज तक आदेश का अनुपालन नहीं किया गया।


पीड़ित का आरोप है कि कानूनगो और लेखपाल कभी धान तो कभी गेहूं की फसल का बहाना बनाकर कार्रवाई टालते रहे हैं। उनका कहना है कि पड़ोसी दबंग व्यक्ति ने उनकी जमीन के कुछ हिस्से पर अवैध कब्जा कर रखा है और उसी के प्रभाव में अधिकारी हीलाहवाली कर रहे हैं। साथ ही दबंग द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

इस मामले को लेकर मुल्ला खान अपने अधिवक्ता पुत्र शाहनवाज आलम खान के साथ डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र पहुंचे और शिकायत पत्र सौंपकर कोर्ट के आदेश का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की।







