वाराणसी । की काशी स्पोर्ट्स सिटी परियोजना एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। हरसोस क्षेत्र में किसानों से खरीदी गई जमीनों के सौदों को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि जिन लोगों ने बड़ी मात्रा में जमीन खरीदी है, उनका संबंध उस क्षेत्र से बताया जा रहा है जहां से वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा मूल रूप से जुड़े रहे हैं।

हालांकि अभी तक किसी प्रकार की अनियमितता या प्रभाव के उपयोग का कोई आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है, लेकिन परिस्थितियों ने संदेह को जन्म दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह महज संयोग है तो इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए, और यदि इसके पीछे किसी प्रकार का प्रभाव या विशेष कृपा रही है तो इसकी निष्पक्ष पड़ताल आवश्यक है।

किसानों का सवाल है कि विकास के नाम पर उनकी पुश्तैनी जमीनें ली गईं, लेकिन भविष्य में इन जमीनों का वास्तविक लाभ किन लोगों तक पहुंचेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि विकास परियोजनाएं जनता के भरोसे पर आधारित होती हैं और उनमें पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण होती है।
अब निगाहें प्रशासन और जांच एजेंसियों पर हैं। ग्रामीणों की मांग है कि जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि काशी स्पोर्ट्स सिटी परियोजना पर उठ रहे सवालों और संदेहों का स्पष्ट जवाब मिल सके।











