Search
Close this search box.

शराफत अली की टिप्पणी पर सपा का बड़ा एक्शन, हरदोई की पूरी जिला कार्यकारिणी भंग

समाजवादी पार्टी (सपा) के हरदोई जिलाध्यक्ष शराफत अली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी ने बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाया है। वायरल वीडियो में शराफत अली महिलाओं को लेकर कथित रूप से अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पूर्व सांसद ऊषा वर्मा और पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी के संबंध में भी कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पार्टी के भीतर भी नाराजगी बढ़ गई। सपा की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने तत्काल प्रभाव से हरदोई की पूरी जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया। इसके साथ ही महिला सभा, युवजन सभा सहित पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की जिला इकाइयों को भी निरस्त कर दिया गया है। हालांकि पार्टी की ओर से जारी पत्र में कार्रवाई का विस्तृत कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।

इस घटनाक्रम के बाद हरदोई की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी जिले की नई कमान किसे सौंपती है। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी नए नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा का यह फैसला पार्टी में अनुशासन बनाए रखने और महिलाओं की गरिमा एवं सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश देने वाला कदम है।

ओमजीत यादव, उजाला संचार न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें