Search
Close this search box.

एनएचआई की लापरवाही से सीवर के पानी में डूबा मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग, राहगीरों व श्रद्धालुओं का जीना मुहाल

रोहनिया । मोहनसराय चौराहे से अदलपुरा धाम जाने वाले मार्ग पर एनएचआई विभाग की कथित लापरवाही के कारण सीवर का बदबूदार पानी सड़क पर भर गया है, जिससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और दर्शनार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि हाईवे किनारे का नाला ओवरफ्लो होने पर विभागीय कर्मचारियों ने करीब एक सप्ताह पहले जेसीबी से अदलपुरा रोड पर नाली खोदकर हाईवे का गंदा पानी इसी मार्ग पर मोड़ दिया। इसके बाद से सड़क पर काला और दुर्गंधयुक्त पानी जमा है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है।

अदलपुरा धाम स्थित माता शीतला मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि दुर्गंध के कारण दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया है, जबकि स्थानीय निवासी संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जता रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और एनएचआई से तत्काल सड़क की सफाई, नाले की समुचित मरम्मत तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि एक-दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे नाले को बंद कर विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें