सोनभद्र। श्रावण मास के मद्देनजर दुद्धी थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सावन के दौरान मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने सभी से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्रावण पर्व के दौरान मीट और मुर्गे की दुकानें बंद रहेंगी, ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। प्रभारी निरीक्षक ने व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक में नगर अध्यक्ष कमलेश मोहन, कन्हैया अग्रहरि, पंकज जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, सुमित सोनी, देवेश मोहन, फतेह मोहम्मद, कलीमुल्ला खां सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में श्रावण पर्व संपन्न कराने का संकल्प लिया।








