Search
Close this search box.

बलिया में अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो मामले में दो वांछित गिरफ्तार, नाबालिग पीड़िता सकुशल बरामद

बलिया । जनपद के मनियर थाना क्षेत्र में अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र एवं थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त कमला वर्मा उर्फ राजकमल उर्फ मंत्री के खिलाफ पहले से ही नाबालिग के साथ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि मुकदमा वापस लेने के लिए पीड़िता के परिजनों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। वादी ने शिकायत की थी कि मुकदमा वापस न लेने पर उसकी बेटी के अपहरण और हत्या की धमकी दी गई थी।

इसके बाद 19 मई 2026 को नाबालिग लड़की के अपहरण की घटना सामने आई, जिस पर थाना मनियर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बलिया रेलवे स्टेशन के समीप मालगोदाम रोड क्षेत्र से पीड़िता को बरामद कर लिया तथा अभियुक्त कमला वर्मा उर्फ राजकमल उर्फ मंत्री और अनिल कमल उर्फ नील कमल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। मुख्य आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें