गाजीपुर । कारगिल युद्ध के वीर सपूत और मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद नायक शेषनाथ सिंह यादव का 27वां शहादत दिवस रविवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यादव महासभा, शौर्य सैनिक संगठन तथा विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम में यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल तथा समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव एवं सपा नेत्री पुनीता सिंह खुशबू ने हरियाणा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता करते हुए शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि शहीद शेषनाथ यादव का बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनका जीवन राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
वक्ताओं ने बताया कि शहीद नायक शेषनाथ सिंह यादव का जन्म 1 अगस्त 1966 को गाजीपुर जनपद के बागी गांव में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा गांव में प्राप्त करने के बाद उन्होंने शहीद इंटर कॉलेज नंदगंज से अध्ययन पूरा किया। वर्ष 1984 में वे भारतीय सेना की ईएमई कोर में भर्ती हुए और अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए।
कारगिल संघर्ष के दौरान 15 जून 1999 को दुश्मनों की भारी गोलाबारी के बीच वे अपनी टुकड़ी के साथ अग्रिम मोर्चे पर तैनात थे। इन्फैंट्री यूनिट को एंटी टैंक गाइडेड मिसाइलों से सहायता प्रदान करते समय वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए।
इस अवसर पर उनकी पत्नी सरोज देवी सहित परिवार के सदस्यों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में अभयनाथ यादव, नगीना यादव, सुरेंद्र यादव, अभय यादव, कैप्टन सुब्बा यादव, राजेश यादव, रजनीकांत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने शहीद के आदर्शों पर चलने और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।












