वाराणसी । उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने रविवार को कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित गेस्ट हाउस, अत्याधुनिक जिम और क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जन सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, तकनीक आधारित और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने जनसुनवाई को मजबूत बनाने, थानों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा शिकायतकर्ताओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, साइबर अपराध नियंत्रण और नए आपराधिक कानूनों के तहत गुणवत्तापूर्ण विवेचना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के निराकरण, मंदिरों एवं घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, नोटच पॉलिसी के अनुपालन तथा जल पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में डीजीपी ने जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद कर जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।








