गाजीपुर। मरदह विकास खंड में पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशु चिकित्सा ढांचे को सुदृढ़ किया गया है। वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़े नयापुरा स्थित पशु चिकित्सालय आवास का पुनर्निर्माण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह एवं उनके प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह के प्रयासों से चिकित्सालय परिसर में नए भवन, बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट का निर्माण कराया गया। साथ ही खड़ंजा मार्ग, शौचालय तथा समरसेबल की व्यवस्था भी की गई है, जिससे चिकित्सालय की कार्यक्षमता और सुविधाएं बढ़ी हैं।
इसके अतिरिक्त मरदह ब्लॉक के रानीपुर गांव में पशु सेवा केंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कलौरा ग्राम सभा में पशु सेवा केंद्र का निर्माण तेजी से जारी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।


इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रकांत सिंह, वेटरनरी फार्मासिस्ट सुहेल अहमद, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दशरथ राम तथा रानीपुर पशु सेवा केंद्र के पशुधन प्रसार अधिकारी बबलू कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय पशुपालकों ने इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए बेहतर पशु चिकित्सा सेवाओं की उम्मीद जताई है।
धर्मेंद्र कुमार मरदह रिपोर्टिंग।







