Search
Close this search box.

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन बनाने की तैयारी, डीएम ने दिए व्यापक आयोजन के निर्देश

मीरजापुर। 15 जून 2026 जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं ‘योग सप्ताह’ की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 से 21 जून तक चलने वाले ‘योग सप्ताह’ तथा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने निर्देश दिया कि योग सप्ताह को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए ताकि योग का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके तहत सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिदिन कम से कम 100 तथा प्रत्येक नगरीय निकाय में न्यूनतम 500 प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डीएम ने कहा कि पार्कों, खुले मैदानों, सामुदायिक केंद्रों, मंदिरों, घाटों एवं अमृत सरोवरों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर नियमित योग सत्र आयोजित किए जाएं तथा सभी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए। उन्होंने बताया कि 21 जून को जनपद स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम पूर्व की भांति राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया मैदान में आयोजित होगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी श्रीकांत रजक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बसंत कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।

Leave a Comment

और पढ़ें