मीरजापुर। के थाना कोतवाली कटरा पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरवाबारी क्षेत्र के लोहदी रोड के पास से एक युवक को 110.08 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जय प्रकाश मौर्या (25 वर्ष) पुत्र फुलचन्द्र मौर्या निवासी चोरवाबारी, थाना कटरा, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से हेरोइन के अलावा 6,820 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की पन्नी भी बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP 63 AF 3772 को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में की गई। मामले में थाना कटरा पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।







