चन्दौली। दुलहीपुर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकासखंड क्षेत्र के सतपोखरी पंचायत भवन में जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
जनचौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम विकास, पंचायती राज तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित कई विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के बारे में लोगों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी।

इस दौरान खंड विकास अधिकारी साद अहमद, एडीओ आरडी धर्मेंद्र कुमार सिंह, एडीओ पंचायत मनोज कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, डिप्टी सीएमओ, सीडीपीओ मधु सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि जनचौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो रही है।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।










