वाराणसी । रोहनिया क्षेत्र के आराजी लाइन विकासखंड अंतर्गत मोहनसराय स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से एक दिवसीय एक्स-रे स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर के दूसरे चरण के पहले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। उज्ज्वल किरण जनकल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने स्वयं एक्स-रे कराकर शिविर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और पिरामल फाउंडेशन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, समय पर जांच और निःशुल्क उपचार के बारे में जागरूक किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि लगातार खांसी, बुखार, कमजोरी, भूख न लगना तथा वजन कम होना टीबी के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और नियमित दवा सेवन से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
पिरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम लीडर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि दूसरे चरण में ब्लॉक के 12 उच्च जोखिम वाले केंद्रों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी कैंप आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बीपीएम वृजमोहन, एएनएम विजय लक्ष्मी, सीएचओ वनशिका मौर्या, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।









