वाराणसी । पिंडरा विकासखंड के पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बुधवार को मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज से उनके आवास पर मुलाकात कर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। पंचायत सहायकों ने बताया कि वे लंबे समय से न्यूनतम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं, जिससे आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मानदेय में बढ़ोतरी तथा पंचायत सहायकों के नियमितीकरण की मांग की।
यूनियन ने यह भी मांग रखी कि पंचायत सहायकों से गैर-विभागीय कार्य न कराए जाएं और उन्हें केवल पंचायत एवं ग्राम सचिवालय से संबंधित कार्यों तक सीमित रखा जाए। इसके अलावा ग्राम सचिवालयों के सुचारु संचालन के लिए इंटरनेट, इन्वर्टर, कंप्यूटर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई। पंचायत सहायकों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में गांव स्तर पर डिजिटल सेवाएं और ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पंचायत सहायकों ने सांसद को बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की विभिन्न योजनाओं, ऑनलाइन सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष निखिल पटेल, महामंत्री अभिषेक पटेल, कोषाध्यक्ष चंदन कुमार भारती, विशाल, संदीप कुमार, संत सीलकोबीड, पंकज यादव, साहबलाल, चंदन सिंह सहित अनेक पंचायत सहायक उपस्थित रहे।









