Search
Close this search box.

13 साल से फरार ₹50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट मामले में चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता

चन्दौली । पुलिस ने 13 वर्षों से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुगलसराय थाना क्षेत्र के गोबरिया निवासी रंजन सिंह वर्ष 2013 में दर्ज पॉक्सो एक्ट और छेड़खानी के एक मामले में वांछित था। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर ₹50 हजार कर दिया गया। लगातार प्रयासों के बावजूद वह गिरफ्तारी से बचता रहा। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर मुगलसराय पुलिस ने गोबरिया प्लांट डिपो क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह गिरफ्तारी के भय से घर छोड़कर हिमाचल प्रदेश चला गया था, जहां वह मजदूरी कर जीवनयापन कर रहा था। हाल ही में वह यह सोचकर अपने घर लौटा कि मामला पुराना हो चुका है, लेकिन पुलिस की निगरानी के चलते वह पकड़ में आ गया।

थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें