वाराणसी । वरिष्ठ समाजसेवी राधा सिंह को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों और संगठनात्मक क्षमता के आधार पर इनरव्हील क्लब ऑफ बनारस का तीसरी बार निर्विरोध सचिव चुना गया है। उनके पुनर्निर्वाचन से क्लब की सदस्याओं और समाजसेवियों में खुशी की लहर है।
राधा सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड की सदस्य, सक्षम काशी प्रांत की महिला प्रमुख, स्वावलंबन पेरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष, विश्व हिंदू महासंघ मातृशक्ति उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री तथा जय भारत मंच, काशी प्रांत महिला मोर्चा की प्रांत महामंत्री के रूप में सक्रिय हैं। उन्होंने दिव्यांगजन, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लंबे समय से उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, स्वरोजगार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके योगदान को व्यापक सराहना मिली है। विशेष रूप से दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयास प्रेरणादायी माने जाते हैं। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष सुषमा सिंह सहित सभी सदस्याओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







