गाजीपुर। जनपद के मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत सरार उर्फ हैदरगंज, पोस्ट मटेहूं में चोरों का आतंक लगातार जारी है। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अभी आठ दिन पहले हुई चोरी की घटना का खुलासा भी नहीं हो पाया था कि चोरों ने एक बार फिर उसी क्षेत्र में चोरी कर लोगों की नींद उड़ा दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार श्यामलाल राम पुत्र बैजनाथ राम के घर चोरों ने देर रात धावा बोल दिया।

परिवार के सदस्य अरविंद कुमार, शिव कुमार एवं ज्ञानी की मां ने बताया कि चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे। उन्होंने लाइटिंग और शौचालय के ऊपर से चढ़कर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्व की चोरी की घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







