बलिया । जनपद में थाना गड़वार क्षेत्र में प्रसव कराने के नाम पर 40 हजार रुपये लेने और लापरवाही के चलते महिला की मौत के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत गड़वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णानन्द उर्फ कृष्णा को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि सरदासपुर निवासी टुनटुन राजभर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी गर्भवती पत्नी निर्मला देवी अपने मायके जोगापुर में थीं। प्रसव कराने की जिम्मेदारी चाँदमुनी नामक महिला और उसके पुत्र कृष्णा ने ली तथा 40 हजार रुपये जमा कराए। प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। आरोप है कि स्थिति गंभीर होते ही दोनों मौके से फरार हो गए।
परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना गड़वार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार सुबह जिगनी मोड़ स्थित संत रविदास मंदिर के पास से आरोपी कृष्णानन्द उर्फ कृष्णा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







