वाराणसी । कमिश्नरेट के साइबर क्राइम थाना द्वारा ऑनलाइन बेटिंग एवं सट्टेबाजी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 24 जून 2026 को प्रतिविम्ब पोर्टल पर प्रदर्शित संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच के दौरान पुलिस को ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के संचालन की जानकारी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि एक व्यक्ति की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर क्यूआर कोड के माध्यम से धनराशि प्राप्त की गई थी।
तकनीकी विश्लेषण एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर साइबर क्राइम थाना की टीम ने दास नगर कॉलोनी, जलगंज स्थित एक किराये के कमरे पर छापेमारी कर कानपुर नगर निवासी दीपक सिंह और नवनीत सिंह को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड तथा एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया।
मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन बेटिंग और सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, विभिन्न बैंक खातों के क्यूआर कोड, भुगतान विवरण, यूजर आईडी, बेटिंग पैनल डैशबोर्ड तथा प्रचार-प्रसार में प्रयुक्त डिजिटल फ्लायर मिले। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटों के माध्यम से लोगों को बेटिंग आईडी उपलब्ध कराते थे तथा धन जमा और निकासी की प्रक्रिया संचालित करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी सिम कार्ड, म्यूल बैंक खातों और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपनी पहचान छिपाते थे। मामले में उनके अन्य सहयोगियों प्रवीन उर्फ अक्षय और दिलावर समेत कई लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य संदिग्ध कड़ियों की विस्तृत जांच जारी है।







