दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय द्वारा भौतिकी शिक्षण एवं अधिगम को अधिक प्रभावी, अवधारणात्मक एवं प्रयोगधर्मी बनाने के उद्देश्य से 28 जून से 1 जुलाई 2026 तक चार दिवसीय नेशनल लेवल वर्कशॉप ऑन टीचिंग एंड लर्निंग फिजिक्स का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला में प्रख्यात भौतिक विज्ञानी एवं पद्मश्री सम्मानित शिक्षाविद् प्रो. एच. सी. वर्मा मुख्य मार्गदर्शक के रूप में शामिल होंगे। उनका चंदौली जिले में यह प्रथम आगमन होगा, जिससे क्षेत्र के शिक्षकों और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यशाला का मुख्य विषय “कांसेप्चुअल लर्निंग बियोंड टेक्स्टबुक” रखा गया है, जिसका उद्देश्य भौतिकी की अवधारणाओं को गहराई से समझना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा नवाचार को बढ़ावा देना है। प्रथम दिवस (28 जून) को वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, बलिया, मऊ एवं सोनभद्र जनपदों के लगभग 60 भौतिकी शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रो. वर्मा शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण विधियों, समस्या समाधान रणनीतियों और अवधारणात्मक शिक्षण पर मार्गदर्शन देंगे।
द्वितीय दिवस विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और तार्किक सोच को प्रोत्साहित करेंगे। तृतीय दिवस संध्या चर्चा के माध्यम से अभिभावकों और विद्यार्थियों से संवाद होगा। चतुर्थ दिवस “जिज्ञासा 4.0 विज्ञान प्रदर्शनी” में छात्र अपने वैज्ञानिक मॉडल एवं नवाचार प्रस्तुत करेंगे।
विद्यालय की निदेशिका एवं प्रधानाचार्या ने इस आयोजन को विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए इसे प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक पहल बताया है।







