चन्दौली। /डीडीयू नगर,डीडीयू जंक्शन पर दून एक्सप्रेस में चढ़ने की जल्दबाजी में एक महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। लोको पायलट की तत्परता और यात्रियों की सूझबूझ से महिला की जान बच गई। आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों ने महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। योग नगरी ऋषिकेश से हावड़ा जा रही।
गाड़ी दून एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या 3 पर पहुंची। निर्धारित समय रुकने के बाद ट्रेन खुल गई। इसी बीच 56 वर्षीया एक महिला दौड़कर कोच में चढ़ने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच बने गैप में गिर पड़ी। महिला को गिरता देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दिया। ट्रेन रुकते ही यात्रियों ने साहस दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों ने महिला को उठा कर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में महिला को पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में हल्की चोटें आई ।
इस संबंध में जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से महिला की जान बच गई। कहा कि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छू्ट्टी दे दी। घटित घटना को देखकर लोगों के मुख से निकल पड़ा।जाकौं राखो साइयां मार सके ना कोय।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







