लखनऊ। /गोरखपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को अवैध असलाह तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गोरखपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सचिन वर्मा, सौरभ शुक्ला और मनजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। इनके कब्जे से अवैध पिस्तौल, तमंचा तथा कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार के सिवान से अवैध हथियार खरीदकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिक मुनाफे पर बेचते थे। एसटीएफ के अनुसार गिरोह लंबे समय से अवैध असलाह की तस्करी में सक्रिय था और इसके अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।
इस मामले में थाना एम्स, जनपद गोरखपुर में आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। एसटीएफ अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और हथियार आपूर्ति श्रृंखला की जांच में जुटी है।







